logo

धनबाद : नंबर प्लेट पर जाति लिखना पड़ा महंगा, मंत्री के आदेश पर स्कॉर्पियो जब्त

POST.jpg

धनबाद
झारखंड में गाड़ियों के नंबर प्लेट पर जाति लिखने के चलन पर अब सख्ती शुरू हो गई है। ताजा मामला धनबाद का है, जहां एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी के नंबर प्लेट पर ‘राजपूत 0215’ लिखा हुआ पाया गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राज्य के परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने मामले का संज्ञान लिया और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंत्री दीपक बिरुआ ने धनबाद के उपायुक्त से कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा और सवाल उठाया कि आखिर क्यों कुछ लोग खुद को नियमों से ऊपर मानकर कानून की खुलेआम अनदेखी कर रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि नियम तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
मंत्री के निर्देश के बाद धनबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित स्कॉर्पियो गाड़ी को जब्त कर लिया है और मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।


गौरतलब है कि इससे पहले भी धनबाद में एक अन्य व्यक्ति द्वारा गाड़ी के नंबर प्लेट पर ‘यादव’ लिखकर चलने का मामला सामने आया था, जिस पर मंत्री के आदेश के बाद कार्रवाई की गई थी। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बाद परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दे दिया है कि जातीय पहचान के नाम पर ट्रैफिक नियमों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest